शाहजहांपुर। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की अगस्त माह में जारी रैंकिंग में शाहजहांपुर ने प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। जिले को 10 में से 9.53 अंक मिले हैं। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में मिली इस उपलब्धि को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण का परिणाम माना जा रहा है।
रैंकिंग में रामपुर 9.48 अंक के साथ दूसरे और बरेली 9.43 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहा। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जिलों का मूल्यांकन विभिन्न विकासपरक और प्रशासनिक मानकों के आधार पर किया जाता है।
जिले में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की नियमित समीक्षा, विभागीय अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय और लंबित मामलों की लगातार निगरानी पर जोर दिया गया। इसके साथ ही जनसुनवाई और शिकायतों के निस्तारण को भी प्रभावी बनाने के प्रयास किए गए।
मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की रैंकिंग में प्रदेश में पहला स्थान मिलने से जिला प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों में उत्साह बढ़ा है। प्रशासन की ओर से योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर लगातार जोर दिया जा रहा है।

