प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए तीन दिवसीय पाठ्यक्रम अवेयरनेस कार्यक्रम सम्पन्न
डिप्लोमा पाठ्यक्रम, रोजगार एवं उच्च अध्ययन के अवसरों की दी जानकारी
विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को करियर की संभावनाओं से कराया अवगत
खरगोन 12 सितंबर 2026। शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय, खरगोन में प्रथम वर्ष में प्रवेशित छात्र-छात्राओं को डिप्लोमा पाठ्यक्रम एवं भविष्य की संभावनाओं से अवगत कराने के उद्देश्य से आयोजित तीन दिवसीय पाठ्यक्रम अवेयरनेस कार्यक्रम 10 से 12 सितंबर 2026 तक सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस संस्था के प्राचार्य इंजी. एस.एस. मुकाती ने छात्र-छात्राओं को आशीर्वचन प्रदान करते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान संस्था के सभी विभागाध्यक्ष एवं विषय व्याख्याताओं ने सहभागिता कर विद्यार्थियों को विभिन्न डिप्लोमा पाठ्यक्रमों, पाठ्यक्रम पूर्ण करने के बाद रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों तथा उच्च अध्ययन की संभावनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को उनके संबंधित डिप्लोमा पाठ्यक्रम की उपयोगिता, करियर विकल्प एवं भविष्य में उपलब्ध अवसरों की जानकारी प्रदान की गई। इससे प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को अपने अध्ययन एवं करियर को लेकर बेहतर दिशा प्राप्त करने में सहायता मिली।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर संस्था के टीपीओ प्रभारी अधिकारी डॉ. रणजीत सिंह रावत ने आभार प्रदर्शन करते हुए सभी अतिथियों, विभागाध्यक्षों, व्याख्याताओं एवं विद्यार्थियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन सुश्री समता मंडलोई, भौतिक प्रभारी-टीपीओ द्वारा किया गया।

