शाहजहांपुर पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने बुधवार को जीएफ कॉलेज शाहजहांपुर में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत निःशुल्क कोचिंग सेंटर का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने प्रतियोगी एवं प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं से संवाद किया और उनके भविष्य के लक्ष्य तथा तैयारियों के बारे में जानकारी ली।
सौरभ दीक्षित ने विद्यार्थियों को सफलता के लिए लक्ष्य निर्धारित करने नियमित अध्ययन अनुशासन समय का सदुपयोग और निरंतर मेहनत करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान सकारात्मक सोच बनाए रखना जरूरी है। विद्यार्थियों को अपनी कमियों को पहचानकर उनमें सुधार करना चाहिए और कठिन परिस्थितियों में भी प्रयास जारी रखना चाहिए।
इस दौरान छात्र-छात्राओं ने अपनी जिज्ञासाएं और सवाल एसपी के सामने रखे। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रश्नों का समाधान करते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। सौरभ दीक्षित ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने तथा समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
एसपी के मार्गदर्शन और प्रेरणादायी संबोधन से छात्र-छात्राओं में उत्साह नजर आया। कार्यक्रम के अंत में सौरभ दीक्षित ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और सफलता की शुभकामनाएं दीं।

