मुरादाबाद के मूंढापांडे में मुख्यमंत्री विवाह योजना में मिले लाभ के पैसे सीएचसी संचालक पर हड़पने का आरोप
मूंढापांडे थाना क्षेत्र के ग्राम दोलारी का मजरा निवासी पांच महिलाओं ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की सहायता राशि में धोखाधड़ी किए जाने का आरोप सीएचसी संचालक पर लगाते हुए मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायती पत्र के अनुसार, गांव के ही राशिद पुत्र नौशे अली ने अपनी टीम के साथ शिकायतकर्त्ताओ की बेटियों का मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत पंजीकरण कराने में मदद की थी। आरोप है कि योजना के तहत लाभार्थियों के बैंक खातों में 55-55 हजार रुपये की सहायता राशि पहुंची। और इसके बाद सरकारी कागजी कार्रवाई पूरी कराने के नाम पर महिलाओं से बायोमैट्रिक डिवाइस के जरिए अंगूठा लगवाकर कथित रूप से प्रत्येक महिला के खाते से 30-30 हजार रुपये निकाल लिए गए।
महिलाओं का आरोप है कि जब उन्होंने अपने पैसे मांगे तो आरोपी ने जल्द रुपये लौटाने की बात कहकर उन्हें किसी से शिकायत न करने के लिए कहा। उसके बाद काफी समय बीतने के बाद भी जब रुपये वापस नहीं किए गए तो महिलाओं का कहना है कि 30 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे रुपये वापस मांगने पर सीएचसी संचालक ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने और मुकदमे में फंसाने की धमकी दी है।
पीड़ित परिवार वालो का दावा है कि आरोपी सपा से जुड़ा हुआ है। शिकायतकर्ताओं पर फैसले का दबाव बना रहा है।
पीड़ित महिलाओं ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल आई जी आर एस एव जिलाधकारी मुरादाबाद से करते हुए आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।शिकायतकर्ता श्रीमती शाहजहां पत्नी जाफर अली, आसिया बेगम पत्नी नवासे, परवीन पत्नी मकसूद, शकिला पत्नी नवी जान और नसीम जहां पत्नी कासम अली।

