जैतीपुर। विश्व हिंदू परिषद जिला परशुरामपुरी की जिला स्तरीय बैठक शनिवार को जैतीपुर स्थित ब्लॉक सभागार में हुई। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने और आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने को लेकर रणनीति तय की गई।
बैठक की अध्यक्षता विहिप जिलाध्यक्ष डॉ. ब्रजेश ने की। संयोजन जिला गौरक्षा प्रमुख एवं बजरंग दल से जुड़े दायित्ववान कार्यकर्ता दिवाकर मिश्रा ने किया। इस दौरान जिला सह मंत्री गुरुपाल सिंह, प्रखंड अध्यक्ष संदीप यादव सहित विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे विहिप और बजरंग दल के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि ब्रज प्रांत विहिप सह मंत्री एवं शाहजीपुर विभाग के पालक अधिकारी कुं. राकेश त्यागी ने कहा कि किसी भी संगठन की ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ताओं से होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा, सुरक्षा और संस्कार के संदेश को लेकर समाज के बीच सक्रियता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया।
विभाग मंत्री ठाकुर अशनील सिंह ने संगठन विस्तार के साथ सामाजिक समरसता को मजबूत करने पर जोर दिया। विभाग संगठन मंत्री अनूप ने आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से उन्हें प्रभावी ढंग से संपन्न कराने की अपील की।
बैठक में जिले के प्रत्येक प्रखंड और खंड स्तर पर प्रवास कर संगठन का विस्तार करने तथा नए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी से जोड़ने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही जन-जागरण और सामाजिक समरसता से जुड़े कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर चलाने की कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई।
समापन पर कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने, सामाजिक समरसता बढ़ाने और निर्धारित दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया। बैठक का समापन जय श्रीराम के उद्घोष के साथ हुआ।

