सीएचसी सिरसिया का सीएमओ ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाएं मिलीं दुरुस्त
सिरसिया। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं आमजन को मिल रही सुविधाओं का जायजा लेने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिरसिया का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाएं संतोषजनक एवं मानकों के अनुरूप पाई गईं।सीएमओ ने सबसे पहले उपस्थिति रजिस्टर का निरीक्षण किया, जिसमें सभी चिकित्सा अधिकारी एवं कर्मचारी समय से उपस्थित मिले। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों की समयबद्धता एवं कार्य के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए इसी तरह निष्ठापूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान पाया गया कि ओपीडी में 395 मरीजों का पंजीकरण एवं उपचार किया जा चुका था। प्रसव कक्ष में तीन सफल प्रसव कराए गए थे, जबकि 15 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच पूरी की जा चुकी थी। एनबीएसयू में दो नवजात शिशु भर्ती मिले, जिनका उपचार जारी था। वहीं पैथोलॉजी लैब में 73 मरीजों की विभिन्न जांचें की जा चुकी थीं।सीएमओ ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को दवा, जांच एवं उपचार से संबंधित किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने शासन की मंशा के अनुरूप मरीजों को उत्कृष्ट, संवेदनशील एवं पारदर्शी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

