कम्पोजिट विद्यालय के निरीक्षण में पठन-पाठन और भोजन व्यवस्था का लिया जायजा, व्यवस्थाओं पर जताई संतुष्टि
दुद्धी सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_स्थानीय कम्पोजिट विद्यालय में मंगलवार को एसडीएम दुद्धी अशोक कुमार गुप्ता एवं खंड शिक्षा अधिकारी प्रेम शंकर राम ने पहुंचकर विद्यालय की शैक्षणिक एवं मध्याह्न भोजन व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने बच्चों के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन किया और भोजन की गुणवत्ता का स्वाद लेकर जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर पठन-पाठन की गतिविधियों को देखा। शिक्षकों से कक्षा संचालन, विद्यार्थियों की उपस्थिति और निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुपालन की जानकारी ली। अधिकारियों ने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
इसके बाद विद्यालय की रसोई एवं खाद्यान्न भंडारण कक्ष का निरीक्षण किया गया। रसोई की साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता, खाद्यान्न के सुरक्षित रखरखाव और बच्चों को समय पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था देखी गई। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए स्वच्छता एवं भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
एसडीएम अशोक कुमार गुप्ता ने कहा कि मध्याह्न भोजन योजना बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण के लिए महत्वपूर्ण है। विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के साथ स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर कमियों को समय रहते दूर कराया जाएगा।
खंड शिक्षा अधिकारी प्रेम शंकर राम ने शिक्षकों एवं संबंधित कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए अभिभावकों से बच्चों की नियमित विद्यालय उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की। विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक शैलेश मोहन ने अधिकारियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की व्यवस्थाओं की जानकारी दी। मौके पर शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

