चालक उसके नीचे दबकर गंभीर घायल, ग्रामीणों ने बांस-बल्ली के सहारे ट्रैक्टर उठाकर बचाई जान
दुद्धी सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_स्थानीय थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में मंगलवार सुबह खेत की जुताई के दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक उसके नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। संयोग अच्छा रहा कि उबड़-खाबड़ जमीन के कारण ट्रैक्टर का पूरा वजन चालक पर नहीं पड़ा, जिससे उसकी जान बच गई।
जानकारी के अनुसार शिवकुमार (40) पुत्र स्व. रामावतार निवासी शाहपुर मंगलवार सुबह करीब नौ बजे गांव में ही सुरेश बैगा के खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर रहे थे। परिजनों के मुताबिक जुताई के दौरान अचानक ट्रैक्टर का एक पहिया खेत में गड़े मवेशी बांधने वाले खूंटे पर चढ़ गया। इससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया और चालक शिवकुमार उसके नीचे दब गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ट्रैक्टर पलटने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए बांस-बल्ली की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर को उठाया और उसके नीचे दबे शिवकुमार को बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। ईएमटी पंकज और चालक बंशी ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया। सीएचसी में चिकित्सक डॉ. मनोहर सिंह ने घायल का उपचार शुरू किया। चिकित्सक के अनुसार शिवकुमार के दाएं हाथ और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल उनका सीएचसी दुद्धी में इलाज चल रहा है।
ग्रामीणों की तत्परता के चलते घायल चालक को समय रहते ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

