शाहजहाँपुर। जनपद में जनशिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष निस्तारण के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शनिवार 12 सितंबर 2026 को प्रभावी कार्रवाई की गई। एसपी शाहजहाँपुर के निर्देशन में संचालित अभियान के दौरान आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर/ग्रामीण के पर्यवेक्षण में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी शिकायतों के निस्तारण के लिए स्वयं मौके पर पहुंच रहे हैं। पुलिस अधिकारियों द्वारा स्थलीय निरीक्षण करने के साथ दोनों पक्षों से संवाद स्थापित कर विवादों एवं समस्याओं का निष्पक्ष समाधान कराया जा रहा है।
अभियान के तहत शनिवार को जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 33 शिकायतों का मौके पर ही सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया। पुलिस की इस पहल से शिकायतकर्ताओं को बार-बार थाने के चक्कर लगाने और लंबी प्रतीक्षा करने से राहत मिल रही है।
पुलिस का उद्देश्य है कि आमजन की शिकायतों का समाधान उनके द्वार तक पहुंचकर किया जाए और प्रत्येक शिकायतकर्ता को त्वरित एवं न्यायसंगत समाधान उपलब्ध कराया जा सके। इस अभियान से लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने के साथ-साथ शिकायतों के प्रभावी निस्तारण पर भी जोर दिया जा रहा है।

