फर्जी पत्रकार और मत्स्य अधिकारी बनकर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा, दो गिरफ्तार
बरेली। भोजीपुरा और देवरनियां थाना पुलिस ने फर्जी पत्रकार व मत्स्य विभाग का अधिकारी बनकर लोगों को डराने-धमकाने और रुपये ऐंठने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य लोगों को मुकदमे में फंसाने और कार्रवाई कराने की धमकी देकर धनराशि वसूलते थे।
भोजीपुरा थाना क्षेत्र में सालिम रजा ने पुलिस को सूचना दी थी कि 9 अगस्त को मोबाइल पर कॉल कर खुद को मत्स्य विभाग का अधिकारी बताने वाले लोगों ने उसे डराया-धमकाया और रुपये लिए। रुपये लेने पहुंचे साजिद पुत्र मौजम खां निवासी घंघोरा पिपरिया, थाना भोजीपुरा को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए।
जांच में सामने आया कि आरोपी संगठित गिरोह बनाकर इस तरह की घटनाओं को अंजाम देते थे। इसी गिरोह ने देवरनियां क्षेत्र के प्यारे लाल को भी मत्स्य विभाग का अधिकारी बनकर धमकाया और उससे 13 हजार रुपये वसूले। इस मामले में पुलिस ने मो. आजम पुत्र सद्दीक हुसैन निवासी कर्मपुर चौधरी, थाना इज्जतनगर को देवरनियां रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक गिरोह अब तक दो लाख रुपये से अधिक की अवैध वसूली कर चुका है। ऑनलाइन लेनदेन के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को मिले हैं। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दबिश दी जा रही है।
संवाददाता विपुल शर्मा

