दक्षिणी दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में पांच मंजिला ‘हॉस्टल डेज’ PG इमारत ढहने के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हादसे के बाद फरार चल रहे इमारत के मालिक हरिराम बंसल को पुलिस ने राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
मरम्मत के दौरान अचानक ढह गई थी इमारत
पुलिस के अनुसार, सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे यह पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई थी। इमारत में लड़कों के लिए PG आवास संचालित हो रहा था और हादसे के समय कई छात्र वहां मौजूद थे। इमारत गिरने के बाद मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई थी।
मलबे से 12 लोगों को निकाला गया, 7 की मौत
हादसे के बाद दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग और बचाव दल ने बड़े स्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाया। अब तक 12 लोगों को मलबे से बाहर निकाले जाने की जानकारी सामने आई है, जिनमें से सात लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, कई घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

