उज्जैन जिले में पहली बार मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग, इंदौर की ओर से मुख्य परीक्षा के लिए शासकीय कालिदास कन्या महाविद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। सोमवार यहां राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2026 की शुरुआत हुई। पहले दिन कुल 62 में से 53 अभ्यर्थियों ने यहां परीक्षा दी। 9 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। आयोग द्वारा उज्जैन जिले में पहली बार कालिदास कन्या महाविद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया। केंद्र बनाए जाने के बाद यहां 8 से 13 अगस्त 2026 को पहली बार मुख्य परीक्षा-2025 का आयोजन किया था। इसके बाद दूसरी बार 7 से 12 सितंबर तक परीक्षा केंद्र पर मुख्य परीक्षा हो रही है। प्राचार्य डॉ. वंदना गुप्ता ने बताया कॉलेज में 7 से 12 सितंबर तक राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2026 होगी। सोमवार को पहले दिन दो कक्षों में परीक्षा हुई, जिसमें 53 अभ्यर्थी शामिल हुए। बायोमैट्रिक और आइरिश स्कैन से जांच के बाद प्रवेश परीक्षा केंद्र पर सुबह 8 बजे से पहले ही अभ्यर्थी पहुंच गए थे, लेकिन केंद्र पर प्रवेश का समय सुबह 8.30 से 9.30 बजे था। इसलिए वे कॉलेज के सामने पढ़ाई करते नजर आए। जैसे ही 8.30 का समय हुआ, वैसे ही एक-एक कर अभ्यर्थियों को केंद्र में प्रवेश दिया गया। नकली परीक्षार्थियों के प्रवेश को रोकने के लिए थ्री-लेयर जांच कर परीक्षण किया गया। पहले हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर से जांच हुई। फिर बायोमैट्रिक व फिंगर प्रिंट की जांच की। इसके बाद आइरिश स्कैन कर आंखों की पुतलियों का मिलान किया। इस सख्त जांच के बाद अभ्यर्थी परीक्षा कक्ष तक पहुंचे। सुबह 10 बजे से 1 बजे तक परीक्षा हुई। अभ्यर्थियों ने बताया पहले दिन प्रश्न पत्र आसान रहा, जिससे अच्छे मार्क्स की उम्मीद है। मप्र लोक सेवा आयोग के परीक्षा नियंत्रक डॉ. वीके गुप्ता ने भी परीक्षा के दौरान केंद्र का निरीक्षण किया।

