विंढमगंज में श्याम परिवार के नेतृत्व में भव्य जागरण एवं भंडारा, कृष्णा शर्मा, संजना सांवरिया और संजीव सांवरिया के भजनों ने बांधा समां
विंढमगंज/सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_स्थानीय रामलीला फड़ के प्रांगण में विंढमगंज श्याम परिवार के नेतृत्व में भव्य श्याम जागरण एवं भंडारे का आयोजन किया गया। धार्मिक एवं भक्तिमय वातावरण में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्याम प्रेमियों और श्रद्धालुओं ने पहुंचकर बाबा श्याम के दरबार में मत्था टेका और भजनों का आनंद लिया।
श्याम जागरण का शुभारंभ बाबा श्याम की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आराधना के साथ हुआ। इसके बाद प्रसिद्ध भजन गायक कृष्णा शर्मा ने अपनी मधुर आवाज में एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। उनके भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे और पूरे परिसर में बाबा श्याम के जयकारे गूंजते रहे।
वहीं संजना सांवरिया ने बाबा श्याम की भक्ति से ओत-प्रोत भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। उनके भजनों पर श्याम प्रेमी भक्ति में लीन नजर आए। संजीव सांवरिया ने भी अपनी मधुर भजन प्रस्तुति से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
जागरण के दौरान रामलीला पहाड़ का पूरा परिसर ‘जय श्री श्याम’ के जयकारों से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम की भक्ति में मग्न होकर धार्मिक गीतों का आनंद लिया और परिवार एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में श्याम परिवार के सदस्यों एवं स्थानीय श्रद्धालुओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। जागरण के समापन के पश्चात आयोजित भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
श्याम परिवार के नेतृत्व में आयोजित इस धार्मिक आयोजन से विंढमगंज क्षेत्र देर रात तक भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। श्रद्धालुओं ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे आस्था, भक्ति और सामाजिक एकजुटता का सुंदर संगम बताया।

