केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) द्वारा जारी स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 के परिणामों में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ ने देश के बड़े शहरों में पहला स्थान हासिल किया है। 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में लखनऊ को 198 अंक मिले हैं। मध्य प्रदेश के इंदौर ने 197 अंकों के साथ दूसरा, जबकि जबलपुर ने 195 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
इंदौर, जबलपुर और भोपाल का शानदार प्रदर्शन
स्वच्छ वायु सर्वेक्षण की बड़ी आबादी वाले शहरों की कैटेगरी में मध्य प्रदेश का प्रदर्शन खासा बेहतर रहा। इंदौर दूसरे और जबलपुर तीसरे स्थान पर रहे, जबकि भोपाल ने 192 अंकों के साथ चौथा स्थान हासिल किया। भोपाल और आगरा को संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर रखा गया है। गुजरात का सूरत पांचवें स्थान पर रहा।
इस तरह 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की टॉप-5 सूची में मध्य प्रदेश के तीन शहर—इंदौर, जबलपुर और भोपाल शामिल रहे।
रायपुर छठे स्थान पर, दिल्ली और मुंबई पिछड़े
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर ने 189 अंकों के साथ छठा स्थान हासिल किया है। वहीं दुर्ग-भिलाई 175.3 अंकों के साथ 17वें स्थान पर रहा। देश की राजधानी दिल्ली इस सूची में 172 अंकों के साथ 21वें स्थान पर रही, जबकि मुंबई को 160.8 अंकों के साथ 28वां स्थान मिला। बड़े महानगरों की तुलना में मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के शहरों का प्रदर्शन इस बार बेहतर नजर आया।
3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों में राउरकेला अव्वल
स्वच्छ वायु सर्वेक्षण की कैटेगरी-II में 3 से 10 लाख की आबादी वाले शहरों को शामिल किया गया है। इस श्रेणी में ओडिशा के राउरकेला ने 198.5 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। फिरोजाबाद और गुंटूर 195-195 अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। छत्तीसगढ़ का कोरबा 186.5 अंकों के साथ 10वें स्थान पर रहा। मध्य प्रदेश के उज्जैन को 181.5 अंकों के साथ 13वां, सागर को 178 अंकों के साथ 18वां और ग्वालियर को 157 अंकों के साथ 30वां स्थान मिला।

