दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में छात्र पीजी इमारत गिरने की घटना के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने रविवार को एमसीडी के सिविक सेंटर स्थित मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। पुलिस के मुताबिक करीब 150 से 200 ABVP कार्यकर्ता सिविक सेंटर पहुंचे और एमसीडी के कामकाज के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने हादसे को लेकर जवाबदेही तय करने और एमसीडी कमिश्नर के इस्तीफे की मांग की। घटना के बाद एमसीडी मुख्यालय परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई।
MCD कमिश्नर के इस्तीफे की मांग
प्रदर्शनकारी ABVP कार्यकर्ताओं ने एमसीडी कमिश्नर संजीव खिरवार के इस्तीफे की मांग की। संगठन ने सत्य निकेतन हादसे की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई। ABVP की ओर से छात्र पीजी और किराये के आवासों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए गए। संगठन का कहना है कि इस तरह की घटनाओं में जिम्मेदारी तय करना जरूरी है।
गेट नंबर 5 से परिसर में पहुंचे प्रदर्शनकारी
दिल्ली पुलिस के अनुसार करीब 150 से 200 प्रदर्शनकारी सिविक सेंटर के गेट नंबर 5 से परिसर में दाखिल हुए और मुख्य भवन के बाहर प्रदर्शन किया। कुछ प्रदर्शनकारियों ने मुख्य इमारत में जबरन प्रवेश करने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हस्तक्षेप किया और बाद में प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया गया।

