एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी, चालक फरार; पुलिस की आहट मिलते ही कई खननकर्ता वाहन लेकर भागे
विंढमगंज सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)। पतरिहा गांव के समीप मलिया नदी में मंगलवार की अलसुबह अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ विंढमगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। करीब चार बजे मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नदी किनारे दबिश दी। पुलिस को देखते ही बालू लादकर निकल रहे कई ट्रैक्टर चालकों में अफरा-तफरी मच गई और वे अपने वाहन लेकर मौके से फरार हो गए।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया। पुलिस के कब्जे में आते ही उसका चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस टीम ट्रैक्टर-ट्रॉली को थाने ले आई और उसे सीज कर दिया। वाहन स्वामी एवं चालक के संबंध में जानकारी जुटाते हुए पुलिस ने मामले में अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
कनहर-मलिया में धड़ल्ले से खनन का आरोप
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि कनहर और मलिया नदी में लंबे समय से रात के अंधेरे और अलसुबह ट्रैक्टरों के जरिए बालू का अवैध खनन और परिवहन किए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। ग्रामीणों के मुताबिक नदी से निकाली गई बालू को क्षेत्र में ऊंचे दामों पर बेचा जाता है। इससे न केवल नदी के प्राकृतिक स्वरूप पर असर पड़ रहा है, बल्कि सरकारी राजस्व को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित खनन विभाग से नदी क्षेत्रों में नियमित निगरानी बढ़ाने तथा अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
थानाध्यक्ष विंढमगंज रविकांत मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में प्रयुक्त एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा है। वाहन को सीज कर दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में किसी भी कीमत पर अवैध खनन और परिवहन नहीं होने दिया जाएगा।

