10 साल की सेवा पूरी, चयन वेतनमान की मांग तेज
16448 शिक्षक भर्ती बैच के शिक्षकों ने बीईओ दुद्धी को सौंपा ज्ञापन, आवश्यक कार्रवाई की मांग
दुद्धी (सोनभद्र)। 16448 शिक्षक भर्ती बैच के अंतर्गत वर्ष 2016 में बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक के पद पर नियुक्त शिक्षकों ने 10 वर्षीय चयन वेतनमान स्वीकृत किए जाने की मांग को लेकर मंगलवार को खंड शिक्षा अधिकारी दुद्धी प्रेम शंकर राम को ज्ञापन सौंपा। शिक्षकों ने विभागीय स्तर से आवश्यक कार्रवाई करते हुए चयन वेतनमान स्वीकृत कराने की मांग की।
शिक्षकों के अनुसार 16448 शिक्षक भर्ती के तहत चयनित सहायक अध्यापकों की नियुक्ति 31 अगस्त 2016 को हुई थी। नियुक्ति तिथि से लगातार एवं संतोषजनक सेवा करते हुए 31 अगस्त 2026 को शिक्षकों की 10 वर्ष की सेवा पूर्ण हो चुकी है। ऐसे में निर्धारित सेवा अवधि पूरी होने के बाद चयन वेतनमान की पात्रता अर्जित करने वाले शिक्षकों को इसका लाभ प्रदान किया जाना चाहिए।
ज्ञापन में शिक्षकों ने कहा कि 10 वर्ष की सेवा पूर्ण करने के बाद चयन वेतनमान स्वीकृत किए जाने की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि पात्र शिक्षकों को नियमानुसार इसका लाभ मिल सके। शिक्षकों ने खंड शिक्षा अधिकारी से इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी कराने तथा संबंधित स्तर पर कार्रवाई सुनिश्चित कराने का आग्रह किया।
इस दौरान शिक्षकों ने उम्मीद जताई कि विभाग द्वारा उनकी मांग पर सकारात्मक पहल करते हुए चयन वेतनमान स्वीकृति की प्रक्रिया जल्द पूरी कराई जाएगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में ब्लॉक अध्यक्ष भोलानाथ अग्रहरि, ब्लॉक मंत्री लोकपति वर्मा सहित 16448 शिक्षक भर्ती बैच के दर्जनों शिक्षक मौजूद रहे।

